जींद, 04 अप्रैल । पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर क्राइम थाना पुलिस ने ऑनलाइन टास्क सिस्टम के नाम पर लोगों को झांसा देकर ठगी करने वाले आरोपित को 25 हजार रुपये की नगदी सहित गिरफ्तार किया है।
साइबर थाना क्राइम प्रभारी उपनिरीक्षक जगदीप सिंह ने शनिवार को बताया कि राजनगर निवासी मिया सिंह ने साइबर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा उसे ऑनलाइन टास्क के नाम पर घर बैठे पैसे कमाने का लालच दिया गया था। उनके झांसे में आकर उसने तीन माह के अंदर विभिन्न बैंक खातों में कुल तीन लाख 31 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। ठगी करने वालों द्वारा लगाता रुपयों की मांग की जाती रही तो उसे उसे ठगी का अहसास हुआ। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए थाना साइबर क्राइम जींद में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। तकनीकी जांच व साक्ष्यों के आधार पर गांव बाडढा महेंद्रगढ़ निवासी मनजीत का नाम उभर कर सामने आया। जिस पर नियमानुसार मनजीत को गिरफ्तार करके उसके पास से 25 हजार रुपये बरामद किए गए। एसपी कुलदीप सिंह ने कहा कि जींद पुलिस आमजन से अपील करती है कि किसी भी प्रकार के ऑनलाइन टास्क, निवेश या जल्दी पैसे कमाने के लालच में न आएं। किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर अपने बैंक खाते से पैसे ट्रांसफर न करें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाएं।