जमवारामगढ़ में मुख्यमंत्री ने आमजन संग सुना ‘मन की बात’ के 132वें संस्करण में पीएम का संबोधन

Spread the love

जयपुर, 29 मार्च । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 132वें संस्करण में देशवासियों को संबोधित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर जिले के जमवारामगढ़ स्थित पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आमजन के साथ कार्यक्रम सुना।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने जयपुर के किसान मुरलीधर का उल्लेख करते हुए बताया कि पहले वे डीजल पंप से सिंचाई करते थे, जिससे लागत अधिक आती थी। सोलर पंप अपनाने के बाद अब उनकी सिंचाई समय पर हो रही है और आय में भी वृद्धि हुई है। यह उदाहरण देश में नवाचार और आत्मनिर्भरता की दिशा में बढ़ते कदम को दर्शाता है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पिछले एक दशक में देश का सामर्थ्य मजबूत हुआ है। वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों, विशेषकर मध्य पूर्व क्षेत्र में चल रहे घटनाक्रम के बीच भारत ने अपनी ईंधन आवश्यकताओं को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए हैं।

उन्होंने आमजन से अपील की कि वे जागरूक रहें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने गरीब, किसान, महिला, मजदूर सहित सभी वर्गों के लिए अभूतपूर्व कार्य किए हैं। युवाओं के हितों को प्राथमिकता देते हुए 1.25 लाख से अधिक नियुक्तियां दी गई हैं, जबकि 1.35 लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। साथ ही 1.25 लाख पदों पर नई भर्तियों की घोषणा की गई है। उन्होंने कहा कि ‘राइजिंग राजस्थान’ के तहत 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू साइन किए गए, जिनमें से 8 लाख करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट जमीन पर उतर रहे हैं, जिससे बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि किसानों के हित में पीएम किसान सम्मान निधि, ब्याज मुक्त ऋण और गेहूं की एमएसपी खरीद पर 150 रुपये बोनस जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए भी राज्य सरकार लगातार प्रयासरत है। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री हीरावाला गांव पहुंचे, जहां उन्होंने एक चाय की दुकान पर ग्रामीणों के साथ चाय पी और यूपीआई के माध्यम से भुगतान किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से खेती-किसानी पर चर्चा की और बच्चों को चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम के समापन पर ग्रामीण महिलाओं ने लोकगीत प्रस्तुत किए, जिस पर मुख्यमंत्री ने उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर सांसद राव राजेंद्र सिंह, विधायक महेंद्रपाल मीणा, कुलदीप धनकड़ सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।