महापुरुषों की प्रतिमा स्थापना के लिए बनेगी समिति

Spread the love

जयपुर, 18 फ़रवरी । ग्रामीण विकास मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने बुधवार को विधानसभा में कहा कि विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के तहत संस्था या ट्रस्ट के माध्यम से सामाजिक सेवा एवं कल्याणकारी गतिविधियों से जुड़े निर्माण कार्य करवाए जाते हैं। उन्होंने साफ किया कि योजना का मुख्य उद्देश्य पूंजीगत प्रकृति के विकासात्मक निर्माण कार्यों को प्रोत्साहित करना है, ताकि क्षेत्रीय विकास में असंतुलन को दूर किया जा सके।

डॉ. मीणा शून्यकाल के दौरान विधायक रतन देवासी द्वारा लाए गए ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर जवाब दे रहे थे। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने बजट वर्ष 2025-26 की अनुपालना में इस योजना की राशि 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 25 लाख रुपये कर दी है। ग्रामीण विकास मंत्री ने सदन को बताया कि ‘विधायक स्थानीय निधि’ से महापुरुषों एवं समाज सुधारकों की प्रतिमाएं स्थापित करने के संबंध में सदन के कुछ सदस्यों और अधिकारियों की एक समिति गठित की जाएगी। कोई भी विधायक एक माह के भीतर अपने सुझाव विभाग को भेज सकता है, जिन पर समिति विचार करेगी।

उन्होंने कहा कि इस निधि से निर्मित परिसंपत्तियां राज्य सरकार के स्वामित्व में रहती हैं और इनका उपयोग जाति, धर्म या वर्ग के भेदभाव के बिना सभी नागरिकों के लिए होगा। साथ ही किसी ट्रस्ट या गैर-सरकारी संस्था को योजना अवधि के दौरान अधिकतम 25 लाख रुपये तक के कार्य स्वीकृत किए जा सकते हैं।