अनूपपुर: यात्री ट्रेनों के ठहराव के लिए कांग्रेस का धरना प्रर्दशन, रेलवे ने 2 माह का मांगा समय

Spread the love

अनूपपुर, 21 फ़रवरी । मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के वेंकटनगर क्षेत्र में रेल सुविधाओं की बहाली की मांग को लेकर शनिवार को कांग्रेस ने वेंकटनगर रेलवे स्टेशन से 100 मीटर दूर अनूपपुर-वेंकटनगर मार्ग पर मुख्य बाजार में धरना प्रदर्शन किया। रेलवे ने दो माह में व्यवस्था बहाल करने का आश्वासन पत्र दिया, जिसके बाद शाम को धरना समाप्त कर दिया गया।

जिले के वेंकटनगर और निगौरा रेलवे स्टेशन में कोरोना काल के दौरान बंद किए गए यात्री ट्रेनों के ठहराव को पुन: शुरू करने की मांग को लेकर यह प्रदर्शन किया गया था। पुष्पराजगढ़ विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को के नेतृत्व में जिला कांग्रेस अध्यक्ष गुड्डू चौहान, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष रमेश सिंह सहित दर्जनों गांवों से आए कार्यकर्ताओं ने रेलवे स्टेशन पहुंचने का प्रयास किया। जिसे आरपीएफ और जिला पुलिस बल ने कार्यकर्ताओं को रेलवे ट्रैक तक पहुंचने से रोक दिया।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर के अधिकारियों ने इस व्यवस्था के लिए पहले तीन माह का समय मांगा था। कांग्रेस ने इस पर आपत्ति जताई और जल्द बहाली की मांग की, जिसके बाद रेलवे दो माह में व्यवस्था बहाल करने पर सहमत हो गया।

क्षेत्रवासियों का कहना था कि वह उन पारंपरिक ट्रेनों के ठहराव की मांग कर रहे हैं जो कोरोना से पहले वेंकटनगर और निगौरा स्टेशन की मुख्य ट्रेनें थीं। इनमें बिलासपुर-इंदौर-बिलासपुर और बिलासपुर-चिरमिरी-बिलासपुर ट्रेनें शामिल हैं। पिछले चार वर्षों में रेल प्रशासन को कई ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन केवल आश्वासन ही मिला। इन ट्रेनों के ठहराव से कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों, गंभीर मरीजों और छोटे व्यापारियों को लाभ मिलेगा।

ज्ञात हो कि भारतीय जनता पार्टी अनूपपुर के मीडिया प्रभारी राजेश सिंह ने शुक्रवार को बताया था कि सांसद हिमाद्री सिंह के पत्र के जबाब में रेल मंत्री ने वेंकटनगर स्टेशन में पुरी – ऋषिकेश उत्कल एक्सप्रेस, अनूपपुर में रानी कमलापति – संतरागांछी और कोतमा में अंबिकापुर – हजरत निजामुद्दीन ट्रेन स्टापेज को स्वीकृति दे दी है। जिसे 27 फरवरी को सांसद द्वारा अनूपपुर रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगी और शेष ट्रेनों का ठहराव भी शीघ्र शुरु हो जाएंगे।

जनसंपर्क अधिकारी, डीआरएम बिलासपुर, अंबिकेश साहू ने बताया कि कांग्रेस का रेल रोको धरना प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिसके कारण ट्रेनों का आवागमन सामान्य रहा। उन्होंने पुष्टि की कि रेलवे की ओर से दो माह का समय दिया गया है और जल्द ही ट्रेनों के ठहराव की व्यवस्था बनाई जाएगी।