भोपाल में उपभोक्ताओं को थमाए गए लाखाें के बिजली बिल, मालीखेड़ी–शारदा विहार में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन

Spread the love

भोपाल, 06 फ़रवरी । मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के मालीखेड़ी और शारदा विहार इलाके में बिजली कंपनी द्वारा उपभोक्ताओं को भारी-भरकम जुर्माने वाले बिजली बिल दिए जाने से नाराजगी बढ़ गई है। शुक्रवार को इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर बिजली कंपनी पर मनमानी कार्रवाई का आरोप लगाया।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर 50 हजार से लेकर सवा लाख रुपए तक के बिल थोप दिए गए, जिन्हें भर पाना उनके लिए असंभव है। मालीखेड़ी निवासी चमनलाल ओझा पर बिजली कंपनी ने उन पर 63 हजार 964 रुपए का जुर्माना लगाया है। इसी तरह उपभोक्ता बाबूलाल साहू को 1 लाख 25 हजार रुपए के जुर्माने का नोटिस थमा दिया गया।

पीड़ितों के मुताबिक, जब उन्होंने बिजली कंपनी के अधिकारियों से कारण पूछा तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। बाद में कार्यालय से जानकारी लेने पर बताया गया कि उनके घर के ऊपर से तीन-चार अन्य उपभोक्ताओं के बिजली तार गुजर रहे थे, जिनकी बिजली काट दी गई थी। पीड़ितों का आरोप है कि दूसरों की गलती का दंड उन्हें दिया गया, जो पूरी तरह अनुचित है।

कांग्रेस का आरोप: मजदूर परिवारों को बनाया जा रहा शिकार

कांग्रेस नेता रविंद्र साहू ‘झूमरवाला’ ने कहा कि शारदा विहार और मालीखेड़ी में दिहाड़ी मजदूरी करने वाले परिवारों पर भारी बिजली बिल थोपकर उन्हें मानसिक और आर्थिक संकट में डाला जा रहा है। सीमित आय में गुजर-बसर करने वाले इन परिवारों के लिए सवा एक लाख रुपए तक के बिल भरना असंभव है। उन्होंने बताया कि समाजसेवी राजेश पाल के साथ कॉलोनी पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की गई और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया गया। साथ ही, बिजली विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर अनुचित बिलों को तत्काल निरस्त करने और निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।

समाधान नहीं हुआ तो होगा जनआंदोलन

कांग्रेस नेता ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते पीड़ित परिवारों को राहत नहीं दी गई, तो यह मामला बड़े जनआंदोलन का रूप ले सकता है। फिलहाल प्रभावित उपभोक्ता प्रशासन और बिजली कंपनी से त्वरित समाधान की उम्मीद लगाए बैठे हैं।