सोलन, 04 फरवरी । ड्रग्स तस्करी के एक मामले में जमानत पर चल रहे विचाराधीन भगोड़े आरोपी को पुलिस ने सोलन से गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस थाना सदर सोलन की विशेष टीम द्वारा की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान संतोष कुमार उर्फ रिंकू (27) पुत्र भीम सिंह निवासी गांव लावनधार, डाकखाना मंझोली, तहसील कुपवी जिला शिमला के रूप में हुई है। आरोपी वर्तमान में गांव डमरोग, तहसील एवं जिला सोलन में छिपकर रह रहा था।
जानकारी के अनुसार पुलिस थाना सदर सोलन की टीम ने 20 अगस्त 2019 को आरोपी को 18.82 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। इस संबंध में पुलिस थाना सदर सोलन में अभियोग संख्या 172/2019 के तहत धारा 21 मादक पदार्थ अधिनियम में मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच पूरी कर आरोपपत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया गया था, जिसके बाद आरोपी को जमानत पर रिहा किया गया।
मामले की सुनवाई के दौरान न्यायालय द्वारा आरोपी को कई बार पेश होने के आदेश दिए गए लेकिन वह लगातार अनुपस्थित रहा। इसके चलते माननीय न्यायालय ने 3 मार्च 2025 को उसे भगोड़ा अपराधी घोषित कर दिया था।
भगोड़े आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस थाना सदर सोलन की टीम लगातार प्रयासरत थी। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए बार-बार अपने ठिकाने बदल रहा था। गुप्त सूचना और तकनीकी निगरानी के आधार पर पुलिस ने आखिरकार 3 फरवरी को उसे सोलन से गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में एसएसपी सोलन गौरव सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को बुधवार को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पूर्व में भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। उसके विरुद्ध थाना सदर सोलन में चोरी के दो मामले दर्ज हैं, जिनमें उसने दो कारें चोरी की थीं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 4 लाख 30 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस द्वारा आरोपी के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी गहनता से जांच की जा रही है।