राजगढ़, 22 जनवरी । शहर ब्यावरा थाना क्षेत्र के भगवा चैराहा पर रहने वाले दो परिवार छत पर जाने की बात को लेकर आपस में भिड़ गए, विवाद बढ़ने पर एक पक्ष ने जाति के बारे में गालियां देते हुए मारपीट की तो दूसरे पक्ष ने मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने गुरुवार को दोनों पक्ष की तीन महिलाओं सहित चार के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की।
पुलिस के अनुसार भगवा चैराहा निवासी कमलाबाई पत्नी संतोष महाबर ने बताया कि बेटा दीपक पड़ोसी पन्नालाल शर्मा की छत पर अपने रुपए-पैसे ढ़ंढ़ने गया तो पड़ोस में रहने वाला अजय पुत्र पन्नालाल शर्मा और उसकी पत्नी सविता शर्मा आए, जो जाति के बारे में अश्लील गालियां देने लगे, विरोध करने पर उन्होंने कमलाबाई और बेटी मुस्कान के साथ मारपीट की साथ ही जान से मारने की धमकी दी गई।
पुलिस ने आरोपित अजय शर्मा और उसकी पत्नी सविता शर्मा के खिलाफ धारा 296, 115(2), 351(3) बीएनएस, एससीएसटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया। वहीं सविता पत्नी अजय शर्मा ने आरोप लगाया कि इसी बात को लेकर पड़ोस में रहने वाली कमलाबाई और उसकी बेटी मुस्कान ने मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपित मां-बेटी के खिलाफ धारा 296, 115(2), 351(3) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की।