महिला कमांडो दल पर प्राणघातक हमला करने वाला आरोपि‍त गिरफ्तार

Spread the love

जांजगीर चांपा, 16 फरवरी । जांजगीर-चांपा पुलिस ने हत्या के नियत से प्राणघातक हमला करने वाले आरोपि‍त को 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। मामला थाना शिवरीनारायण क्षेत्र का है, जहां महिला कमांडो दल के सदस्यों पर बांस के डंडे से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। पुलिस ने आरोपि‍त से घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा और पहने हुए कपड़े भी बरामद कर लिए हैं।

पुलिस के अनुसार आज सोमवार सुबह लगभग 8 बजे अष्टमुर्ति स्कूल के सामने गांव में आरोपि‍त जयकुमार आदित्य उर्फ बादशाह द्वारा महिला कमांडो दल के सदस्यों को अश्लील गालियां दी जा रही थीं। जब महिला कमांडो सदस्यों ने उसे गाली-गलौज से मना किया तो आरोपि‍त भड़क गया और गांव में शराब व गांजा बंद कराने की बात को लेकर जान से मारने की धमकी देने लगा। मना करने पर आरोपि‍त ने बांस के डंडे से हमला कर दिया, जिससे महिला कमांडो दल के सदस्य घायल हो गए।

पीड़‍िता राजकुमारी आदित्य की रिपोर्ट पर थाना शिवरीनारायण में आरोपि‍त के विरुद्ध अपराध क्रमांक 62/2026 के तहत धारा 109(1), 296, 351(3), 115(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में थाना शिवरीनारायण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपि‍त जयकुमार आदित्य उर्फ बादशाह (22 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 6 मांझापारा खरौद को पकड़ लिया।

हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपि‍त ने जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपि‍त को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।