दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा अपने बाकी 41 उम्मीदवारों की सूची जारी कर सकती है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के घर हुई बैठक में दिल्ली चुनाव के लिए उम्मीदवारों पर चर्चा हुई। पीएम मोदी और अमित शाह भी इस बैठक में शामिल हुए। सूत्रों के अनुसार, पीएम मोदी ने कहा कि दिल्ली के लोगों का भाजपा पर भरोसा बढ़ा है, लेकिन जीत के लिए और मेहनत करनी होगी। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की असलियत लोगों के सामने लानी होगी और केजरीवाल के झूठ को उजागर करना होगा।
भाजपा ने पहली सूची में 29 उम्मीदवारों का ऐलान किया था, जिसमें 7 नेता आप और कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। पार्टी ने 13 उम्मीदवारों को रिपीट किया, जबकि 16 के टिकट बदले थे। गांधीनगर सीट से मौजूदा विधायक अनिल बाजपेई की जगह भाजपा में आए कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली को टिकट दिया गया है। नई दिल्ली सीट से अरविंद केजरीवाल के खिलाफ प्रवेश वर्मा चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस ने इस सीट पर अलका लांबा को टिकट दिया है।
भाजपा रमेश बिधूड़ी की जगह दूसरा उम्मीदवार ला सकती है। सूत्रों के अनुसार, पूर्व सांसद मीनाक्षी लेखी को भी उम्मीदवार बनाया जा सकता है। पार्टी कालकाजी से भी अपना उम्मीदवार बदल सकती है। दिल्ली में 5 फरवरी को वोटिंग और 8 फरवरी को रिजल्ट होगा। चुनाव आयोग ने 7 फरवरी को दिल्ली विधानसभा चुनाव का ऐलान किया था।
आप ने 21 नवंबर से 20 दिसंबर के बीच कुल 5 लिस्ट में 70 प्रत्याशियों के नाम घोषित किए हैं। 20 दिसंबर को जारी पांचवी लिस्ट में महरौली सीट से प्रत्याशी का नाम बदला गया था। कांग्रेस ने 3 लिस्ट जारी की है, जिसमें 48 उम्मीदवारों का ऐलान किया गया है। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने जंगपुरा सीट से फरहाद सूरी को टिकट दिया है, जहां से आप के मनीष सिसोदिया चुनाव लड़ रहे हैं।