मधेपुरा में दिव्यांग खेल प्रतियोगिता में सिर्फ तीन प्रतिभागी, आयोजन पर उठे सवाल

Spread the love

Madhepura District, 11 फ़रवरी । खेल विभाग बिहार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण पटना और जिला प्रशासन मधेपुरा के संयुक्त तत्वावधान में वार्षिक खेल कार्यक्रम 2025-26 के तहत जिला स्तरीय दिव्यांग खेल प्रतियोगिता का आयोजन बीएन मंडल स्टेडियम में किया गया। प्रतियोगिता 30 वर्ष तक के बालक और बालिकाओं के लिए आयोजित की गई थी।

कार्यक्रम में एथलेटिक्स, ब्लाइंड फुटबॉल और स्लाइड क्रिकेट जैसी प्रतियोगिताएं प्रस्तावित थीं। इसके साथ ही 100 मीटर दौड़, 200 मीटर दौड़, 100 मीटर साइकिल रेस, भाला फेंक और गोला फेंक का भी आयोजन किया गया।

लेकिन हैरानी की बात यह रही कि पूरे आयोजन में मात्र तीन प्रतिभागियों ने ही हिस्सा लिया। तीनों अलग-अलग प्रतियोगिताओं में शामिल हुए। इतनी कम भागीदारी ने पूरे आयोजन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पहले से सही तरीके से प्रचार-प्रसार किया जाता और दिव्यांग खिलाड़ियों तक सूचना पहुंचाई जाती, तो अधिक संख्या में प्रतिभागी शामिल हो सकते थे। इतने बड़े स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में सिर्फ तीन प्रतिभागियों की मौजूदगी व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है।

फिलहाल इस मामले में संबंधित अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं। अब देखना होगा कि भविष्य में ऐसे आयोजनों को सफल बनाने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।