जोधपुर, 19 फरवरी । इंडियन एसोसिएशन ऑफ डर्मेटोलॉजिस्ट्स, वेनेरियोलॉजिस्ट्स एंड लेप्रोलॉजिस्ट्स (आईएडीवीएल) ने डॉ. आनंद लामोरिया को राजस्थान का राज्य मीडिया प्रवक्ता नियुक्त किया है। इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के साथ डॉ. लामोरिया राज्यभर में त्वचा रोगों से संबंधित जागरूकता फैलाने और लोगों को प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराने का कार्य करेंगे।
नियुक्ति के बाद डॉ. आनंद लामोरिया ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य लोगों को प्रामाणिक स्किन केयर, वैज्ञानिक तथ्यों और सही उपचार पद्धतियों के बारे में शिक्षित करना है। आज के समय में सोशल मीडिया और भ्रामक विज्ञापनों के कारण कई लोग गलत जानकारी के आधार पर उपचार करा लेते हैं, जिससे त्वचा, बाल और कॉस्मेटिक उपचार में गंभीर जटिलताएं हो सकती हैं। डॉ. लामोरिया ने विशेष रूप से लोगों से अपील की है कि वे त्वचा, बाल और सौंदर्य संबंधी समस्याओं के लिए झोलाछाप डॉक्टरों या अप्रशिक्षित व्यक्तियों के पास न जाएं। उन्होंने बताया कि ऐसे स्थानों पर कराया गया उपचार कई बार स्थायी नुकसान, संक्रमण और अन्य स्वास्थ्य जोखिम पैदा कर सकता है।