अनूपपुर: बिजुरी नगर में पेयजल समस्या को लेकर कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन, शीघ्र निराकरण की मांग

Spread the love

अनूपपुर, 31 मार्च । मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के बिजुरी नगर में पेयजल व्यवस्था से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर जिला पंचायत सदस्य राम जी ‘रिंकू’ मिश्रा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं नगरवासियों के साथ मंगलवार को मुख्य नगर पालिका अधिकारी बिजुरी को ज्ञापन सौंप नगर में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने तथा जलापूर्ति व्यवस्था में व्याप्त खामियों को तत्काल दूर करने की मांग की।

जिला पंचायत सदस्य ने बताया कि बिजुरी नगर में सप्लाई किया जा रहा बहराबांध फिल्टर प्लांट का पानी अत्यधिक दूषित एवं गंदगीयुक्त है, जो पीने योग्य तो दूर, अन्य उपयोग के लायक भी नहीं है। नागरिकों ने फिल्टर प्लांट की समुचित सफाई कर शुद्ध पेयजल वितरण सुनिश्चित करने की मांग की है। इसके साथ ही वार्ड क्रमांक 15 में बहराबांध से भवानीहा फिल्टर प्लांट तक पाइपलाइन के ऊपर कराए जा रहे नाली निर्माण कार्य पर आपत्ति जताई गई है। ज्ञापन में कहा गया है कि पाइपलाइन के ऊपर नाली निर्माण से भविष्य में लीकेज व प्रदूषण की आशंका बढ़ सकती है, इसलिए पाइपलाइन से अलग नाली का निर्माण कराया जाए।

ज्ञापन में यह भी बताया गया कि नगर के कई स्थानों पर जलापूर्ति पाइपलाइन क्षतिग्रस्त है, जिससे पानी का व्यर्थ बहाव हो रहा है। इससे एक ओर जल की बर्बादी हो रही है, वहीं दूसरी ओर कई मोहल्लों में पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है। क्षतिग्रस्त पाइपलाइनों की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग भी की गई है।

जिला पंचायत सदस्य राम जी ‘रिंकू’ मिश्रा ने कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जनहित में समस्याओं का त्वरित निराकरण करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो जनआंदोलन किया जाएगा।