जयपुर, 11 मार्च । जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के पश्चिम जिले की साइबर टीम ने सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर फर्जी विज्ञापन डालकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वज्र प्रहार 2.0 अभियान के तहत की गई।
कार्रवाई हनुमान प्रसाद के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश कुमार गुप्ता के सुपरविजन में की गई। उषा यादव के नेतृत्व में साइबर सेल प्रभारी अनिल कुमार और तकनीकी शाखा की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी Instagram और Justdial पर ए-4 साइज पेपर, मेडिकल किट और वॉलपेपर जैसे सामान के आकर्षक दरों पर फर्जी विज्ञापन डालते थे। विज्ञापन देखकर संपर्क करने वाले ग्राहकों से आरोपी पहले ऑनलाइन एडवांस राशि ट्रांसफर करवा लेते थे। इसके बाद या तो सामान नहीं भेजते थे या फर्जी बिल्टी बनाकर ग्राहकों को गुमराह कर देते थे। यह कार्रवाई हरमाड़ा थाना पुलिस द्वारा दर्ज चार मुकदमों के आधार पर की गई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी में प्रयुक्त छह मोबाइल फोन, आठ सिम कार्ड, चार फर्जी बिल्टी बुक और 5,550 रुपये नकद बरामद किए हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ठगी की राशि प्राप्त करने के लिए आठ अलग-अलग बैंक खातों का इस्तेमाल कर रहे थे। इन खातों से जुड़े मामलों में समन्वय पोर्टल पर कई शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और वारदातों के बारे में जानकारी जुटा रही है।