हिसार : खराब फसलों के मुआवजे के लिए किसानों ने टोल पर किया प्रदर्शन

Spread the love

जलभराव से खराब हो चुकी फसलेंहिसार, 07 फरवरी । रामायण टोल प्लाजा पर किसानों ने मुआवजे की मांग पर प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने हाल ही में हुई बारिश से फसलों को हुए नुकसान के मुआवजे, बुजुर्गों और विधवाओं की पेंशन बहाली तथा नहर में पानी छोड़ने की मांग की।प्रदर्शन कर रहे किसानों ने शनिवार को बताया कि पिछले वर्ष जुलाई अगस्त माह में ज्यादा बारिश के कारण उनके खेतों में जलभराव हो गया है, जिससे फसलें खराब हो गई थी और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने सरकार से तुरंत सर्वे कराकर उचित मुआवजा जारी करने की अपील की। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने हरियाणा में बुजुर्गों और विधवाओं की पेंशन बंद या उसमें कटौती किए जाने पर भी नाराजगी जताई है। उन्होंने मांग की कि इन पेंशन योजनाओं को तुरंत बहाल किया जाए ताकि जरूरतमंदों को सहायता मिल सके।इस अवसर पर किसानों ने बरवाला से घिराय और खोखा खरकड़ी ड्रेन में छोड़े जा रहे गंदे पानी पर भी चिंता जताई। उनका कहना था कि इस गंदे पानी से खेतों की जमीन खराब हो रही है जिससे कृषि उत्पादन प्रभावित हो रहा है। किसानों ने पेटवाड़ नहर में दो सप्ताह तक लगातार पानी छोड़ने की मांग भी उठाई। किसानों के अनुसार, शहर में कॉलोनियों के विस्तार के कारण सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता है, और नहर के नियमित चलने से उन्हें काफी राहत मिलेगी। किसानों ने सरकार से अपनी समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की। किसानों ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो वे भविष्य में भी इसी तरह एकजुट होकर आंदोलन करने से गुरेज नहीं करेंगे।