फरीदाबाद, 18 फरवरी । फरीदाबाद की राजनीति के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक आनंद कौशिक का बुधवार दोपहर निधन हो गया। 75 वर्ष की आयु में उन्होंने सेक्टर-9 स्थित अपने निवास पर अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई है। उनका अंतिम संस्कार गुरुवार को सेक्टर-9 श्मशान घाट में किया जाएगा। उनकी गिनती इंदिरा गांधी के करीबी नेताओं में की जाती थी। आनंद कौशिक वर्ष 2009 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की टिकट पर फरीदाबाद विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर विधायक बने थे। उन्होंने 2014 तक क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया और संगठन तथा विधानसभा दोनों स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाई। आनंद कौशिक का गांधी परिवार से लंबे समय तक जुड़ाव रहा। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री संजय गांधी और राजीव गांधी के साथ संगठनात्मक कार्यों में योगदान दिया। वर्ष 1997 में उन्हें हरियाणा प्रदेश कांग्रेस का महासचिव नियुक्त किया गया था। इसके अलावा वे युवा कांग्रेस में राष्ट्रीय महासचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी रहे। करीब एक वर्ष से वे गंभीर रूप से अस्वस्थ चल रहे थे और सक्रिय राजनीति से दूरी बनाए हुए थे। दोपहर करीब दो बजे उन्होंने अपने आवास पर अंतिम सांस ली। उनके भाई बलजीत कौशिक वर्तमान में फरीदाबाद कांग्रेस के जिला अध्यक्ष हैं। राजनीतिक और सामाजिक जगत की कई हस्तियों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।