फतेहाबाद : पुलिसकर्मी से मारपीट कर वर्दी फाड़ने के मामले में कार्रवाई, महिला सहित दो आरोपी काबू

Spread the love

फतेहाबाद, 29 मार्च । सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने व पुलिसकर्मी के साथ मारपीट करने के मामले में कार्रवाई करते हुए थाना शहर रतिया पुलिस ने दो आरोपियों को काबू किया है। आरोपियों की पहचान लाली रोड रतिया निवासी महिला रमन व आरोपी बिट्टू के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

रतिया शहर थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पा ने रविवार को बताया कि इस संबंध में 27 मार्च को नाकाबंदी ड्यूटी के दौरान यह घटना सामने आई। पुलिस टीम सरदूलगढ़ कैंचियों, फतेहाबाद रोड रतिया पर तैनात थी, जहां एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को चेक किया गया। मोटरसाइकिल सवार युवकों के पास कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए गए, जिस पर मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई के लिए थाना ले जाया जा रहा था। इसी दौरान जब पुलिसकर्मी बड़ी नहर पुल के पास पहुंचे, तो मोटरसाइकिल पर बैठे युवकों ने वाहन रुकवा लिया। तभी एक महिला व एक अन्य युवक मौके पर आ गए और सभी ने मिलकर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी को घेरकर उसके साथ मारपीट की तथा उसकी सरकारी वर्दी फाड़ दी। घटना के दौरान सार्वजनिक लोग मौके पर पहुंचने लगे, जिस पर आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल पुलिसकर्मी को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल रतिया में भर्ती करवाया गया। पुलिस द्वारा मामले में शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर जांच करते हुए थाना शहर रतिया में मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों रमन व बिट्टू को काबू किया। पुलिस द्वारा मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है तथा घटना में शामिल सभी व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।