राजगढ़ः पुलिस ने अभियान के तहत 570 वारंट किए तामील

Spread the love

पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी ने सोमवार को बताया कि एएसपी केएल.बंजारे के मार्गदर्शन में अभियान चलाया गया, जिसमें पांच अनुविभागीय अधिकारी, 20 थानाप्रभारी, एक हजार से अधिक पुलिसबल सहित साइबर टीम मौजूद रही। अभियान का उद्देश्य है कि न्यायालयों से लंबित वारंट, स्थाई वारंट एवं उद्घोषित आरोपितों की तामीली करना साथ ही फरार आरोपितों को हिरासत में लेकर न्यायिक प्रक्रिया को गति प्रदान करना है। वहीं जनता में कानून के प्र्रति विश्वास और अपराधियों में कानून का भय स्थापित करना है। अभियान के तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा कर विशेष तामीली टीमें गठित की गई। टीम ने सतत निगरानी रखते हुए दिन- रात अभियान चलाया और जिले के विभिन्न क्षेत्रों में छापामार कार्रवाई करते हुए 570 वारंटों की तामीली की गई।

पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी का कहना है कि जिले में लंबित वारंटों की तामीली के लिए चलाया गया यह विशेष अभियान कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने व अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। राजगढ़ पुलिस न्याय की रक्षा एवं नागरिकों की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है।