सूरजपुर, 21 मार्च । सूरजपुर में विश्व वानिकी दिवस के अवसर पर शिव पार्क में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और वनों के महत्व के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
विश्व वानिकी दिवस के अवसर पर शिव पार्क में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में वन परिक्षेत्र सूरजपुर और रामानुजनगर के वन कर्मचारियों ने भाग लेते हुए पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान उपवनमंडल अधिकारी अशोक कुमार तिवारी ने विश्व वानिकी दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस दिवस का उद्देश्य लोगों में वनों के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उनके संरक्षण के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि वनों का संरक्षण पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने के लिए अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि वनों के माध्यम से न केवल ऑक्सीजन की आपूर्ति होती है, बल्कि वर्षा चक्र को संतुलित रखने और जैव विविधता को संरक्षित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जाती है।
इस अवसर पर वनों की कटाई को रोकने, जैव विविधता की रक्षा करने और वनों के आर्थिक एवं पर्यावरणीय महत्व के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के माध्यम से यह भी बताया गया कि जंगल मानव जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं और इनके संरक्षण में सभी की भागीदारी जरूरी है।