सारण, 11 मार्च । मशरक नगर पंचायत क्षेत्र के निवासियों के लिए पिछले तीन दिनों से दहशत का पर्याय बने एक उग्र बंदर को आखिरकार वन विभाग और विशेषज्ञों की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद पकड़ लिया। बंदर के पिंजरे में कैद होते ही स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली और क्षेत्र में व्याप्त भय का वातावरण समाप्त हुआ।
जानकारी के मुताबिक यह उग्र बंदर मशरक के पुराने रेलवे स्टेशन, जंक्शन और व्यस्त गोला मंडी इलाके में राह चलते लोगों पर अचानक हमला कर रहा था। आलम यह था कि बंदर घरों की छतों पर चढ़कर बच्चों और बुजुर्गों को भी निशाना बना रहा था। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, पिछले तीन-चार दिनों में इस बंदर ने करीब पांच दर्जन लोगों को काटकर घायल कर दिया था, जिससे पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया था और लोग घरों से बाहर निकलने में कतराने लगे थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग को सूचित किया गया। इसके बाद विभाग और एक निजी रेस्क्यू टीम ने जाल बिछाकर बंदर को पकड़ने का अभियान चलाया। घंटों चली लुका-छिपी के बाद टीम उसे सुरक्षित पकड़ने में सफल रही। पकड़े गए बंदर को वन विभाग की टीम अपने साथ ले गई है ताकि उसे प्राकृतिक आवास में छोड़ा जा सके।