जयपुर, 09 अप्रैल । जवाहर सर्किल थाना पुलिस और जिला विशेष ईस्ट की स्पेशल टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आईपीएल मैच में ऑनलाइन सट्टा खिलाते हुए चार सटोरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि गिरफ्तार अभियुक्त ऑल पैनल एक्चैज एप के जरिए ग्राहकों को जोड़कर लाइन मैच का सट्टा खिलवाते है।
डीसीपी ईस्ट रंजीता शर्मा ने बताया कि सूचना मिली थी कि जवाहर सर्किल स्थित गोकुल धाम अपार्टमेंट – 2 में एक फ्लैट में दिल्ली कैपिटल्स वर्सेज गुजरात टाइटंस मैच का ऑन लाइन सट्टे का व्यवसाय किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर किशन मीणा (32), खालिद (24), कुशाल थदानी (30) और दिनेश (30) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ऑनलाइन सट्टे के काम में लिए जाने वाले उपकरण 1 लैपटॉप, 1 आईपैड, 2 एंड्रॉयड मोबाइल, 2 कीपैड फोन, 1 कैलकुलेटर और 2 लाख रुपए से ज्यादा का ऑनलाइन हिसाब जब्त किया गया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि गिरफ्तार सटोरिए ऑल पैनल एक्सचेंज एप के जरिए ग्राहकों को जोड़कर लाइव मैच के भाव उपलब्ध कराते थे। ग्राहक अपनी पसंद की टीम और स्कोर पर रकम लगाते थे। हार-जीत के बाद आरोपी फोन और कैश के जरिए हिसाब निपटाते थे। इसके लिए अलग से एक व्यक्ति को सिर्फ ऑनलाइन हिसाब-किताब संभालने के लिए बैठाया गया था।