नई दिल्ली, 09 मार्च । ग्लोबल मार्केट से आज जबरदस्त गिरावट के संकेत हैं। पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने और कच्चे तेल की कीमत में जोरदार उछाल आने की वजह से दुनिया भर के स्टॉक मार्केट में आज हाहाकार मचा हुआ है। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स भी आज जोरदार कमजोरी का शिकार हो गया । यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र के दौरान लगातार बिकवाली होती रही। वहीं एशियाई बाजार में भी आज चौतरफा बिकवाली हो रही है।
पश्चिम एशिया के तनाव की वजह से पिछले सत्र के दौरान अमेरिकी बाजार में लगातार डर का माहौल बना रहा, जिसकी वजह से वॉल स्ट्रीट के सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। एस एंड पी 500 इंडेक्स 90.69 अंक यानी 1.33 प्रतिशत टूट कर 6,740.02 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह नैस्डेक ने 348.72 अंक यानी 1.53 प्रतिशत लुढ़क कर 22,400.27 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। वहीं डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 1,082.35 अंक यानी 2.28 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 46,419.20 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।
यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र के दौरान लगातार दबाव बना रहा। एफटीएसई इंडेक्स 129.19 अंक यानी 1.26 प्रतिशत की गिरावट के साथ 10,284.75 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह सीएसी इंडेक्स ने 0.65 प्रतिशत फिसल कर 7,993.49 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा डीएएक्स इंडेक्स 224.72 अंक यानी 0.95 प्रतिशत टूट कर 23,591.03 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
एशियाई बाजार में भी आज चौतरफा कमजोरी नजर आ रही है। एशिया के सभी नौ बजार के सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं। पश्चिम एशिया के तनाव की वजह से दक्षिण कोरिया और जापान के स्टॉक मार्केट में आज एक बार फिर जबरदस्त गिरावट नजर आई। दक्षिण कोरिया के स्टॉक मार्केट में जोरदार गिरावट की वजह से कोस्पी इंडेक्स शुरुआत में ही आठ प्रतिशत तक टूट गया, जिसकी वजह से सर्किट ब्रेकर चालू हो गए और ट्रेडिंग को 20 मिनट के लिए रोक दिया गया। कोस्पी इंडेक्स इस महीने दूसरी बार लोअर सर्किट का शिकार हुआ है।
20 मिनट के ट्रेडिंग ब्रेक के बाद दक्षिण कोरिया के स्टॉक मार्कटे में जब दोबारा कारोबार शुरू हुआ, तब भी कोस्पी इंडेक्स की स्थिति में अधिक सुधार नहीं हो सका। कुछ देर रिकवरी मोड में काम करने के बाद ये सूचकांक दोबारा आठ प्रतिशत से अधिक गिरावट का शिकार हो गया। फिलहाल ये सूचकांक 427.21 अंक यानी 8.28 प्रतिशत लुढ़क कर 5,157.66 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
एशिया के दूसरे बाजारों की बात करें, तो गिफ्ट निफ्टी 761.50 अंक यानी 3.20 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 23,812.50 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 130.88 अंक यानी 2.77 प्रतिशत की गिरावट के साथ 4,717.37 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। जापान के स्टॉक मार्केट में भी आज जबरदस्त गिरावट का रुख बना हुआ है, जिसकी वजह से निक्केई इंडेक्स फिलहाल 3,865.84 अंक यानी 6.95 प्रतिशत टूट कर 51,755 अंक के स्तर पर आ गया है।
इसी तरह ताइवान वेटेड इंडेक्स 1,726.75 अंक यानी 5.42 प्रतिशत लुढ़क कर 31,872.79 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। इसके अलावा सेट कंपोजिट इंडेक्स 4.38 प्रतिशत फिसल कर 1,351.14 अंक के स्तर पर, जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 266.91 अंक यानी 3.65 प्रतिशत लुढ़क कर 7,318.78 के स्तर पर, हैंग सेंग इंडेक्स 690.29 अंक यानी 2.75 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,067 अंक के स्तर पर और शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 1.14 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 4,077.68 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।