बीकानेर, 05 अप्रैल । कृषि विभाग द्वारा 23 से 25 मई को ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम)–2026 आयोजित किया जा रहा है। ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम)–2026 एक अंतर्राष्ट्रीय आयोजन है, जिसमें निवेशकों, एग्री-उद्यमियों, एग्रीटेक डेवलपर्स, शोधकर्ताओं, नीति निर्माताओं और किसानों की भागीदारी होगी। इससे पूर्व ग्राम का आयोजन 2016-17 में किया गया था।
प्रमुख शासन सचिव कृषि एवं उद्यानिकी मंजू राजपाल ने बताया कि ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट 23-25 मई माह में आयोजित की जाएगी। इसके लिए आयोजित किए जा रहे रोड शो राज्य के कृषि क्षेत्र को वैश्विक निवेश और उन्नत तकनीकों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं। इन रोड शो के माध्यम से देश-विदेश के निवेशकों, एग्रीटेक कंपनियों और विशेषज्ञों को राजस्थान की कृषि क्षमता और उपलब्ध अवसरों से अवगत कराया जा रहा है। ग्राम में राज्य के सभी जिलों से 75,000 से अधिक किसानों, 250 से अधिक प्रदर्शकों, भारत और विदेश की 100 से अधिक कंपनियों तथा साउथ एशिया, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया तथा उत्तर और दक्षिण अमेरिका के कई सारे साझेदार देशों के प्रतिनिधियों के शामिल होंगे। उद्यान विभाग के सहायक निदेशक मुकेश गहलोत ने बताया कि बीकानेर संभाग से 6000 से अधिक किसानों की भागीदारी प्रस्तावित है, जिसमें बीकानेर से 2520, जैसलमेर से 1380 तथा चूरू से 2100 से भी अधिक किसान भाग लेंगे। ग्राम के प्रचार हेतु जनवरी-फरवरी माह में जिले के 77 गिरदावर सर्किलों पर ग्राम उत्थान शिविरों का आयोजन हुआ। 12 विभागों की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का किसानों को सीधा लाभ दिया गया।
अतिरिक्त निदेशक कृषि त्रिलोक कुमार जोशी ने बताया कि ग्राम आयोजन का उद्देश्य आधुनिक कृषि तकनीकों, नवाचार, निवेश और साझेदारियों को बढ़ावा देना तथा राजस्थान के कृषि क्षेत्र में सतत विकास और किसानों की आय वृद्धि को प्रोत्साहित करना है। ग्राम–2026 के अंतर्गत प्रस्तावित विभिन्न गतिविधियों जैसे तकनीकी सत्र, कार्यशालाएं, प्रदर्शनियां, स्मार्ट फार्म एवं पशु प्रदर्शनी, बिजनेस-टू-बिजनेस और बिजनेस-टू-गवर्नमेंट बैठकें तथा निवेश संवाद के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।
संयुक्त निदेशक कृषि मदनलाल ने बताया कि ग्राम के व्यापक प्रचार-प्रसार और निवेशकों को आकर्षित करने के उद्देश्य से देशभर के प्रमुख शहरों में रोड शो आयोजित किए जाएंगे। ये रोड शो 10 अप्रैल को जयपुर, 17 अप्रैल को दिल्ली, 24 अप्रैल को अहमदाबाद, 6 मई को हैदराबाद तथा 8 मई को पुणे में आयोजित होने है। इन रोड शो के माध्यम से निवेशकों, एग्रीटेक कंपनियों, शोध संस्थानों, स्टार्टअप्स और कृषि क्षेत्र से जुड़े विभिन्न हितधारकों को ग्राम–2026 में सहभागिता के लिए आमंत्रित किया जाएगा। साथ ही उन्हें राजस्थान के कृषि क्षेत्र में उपलब्ध निवेश संभावनाओं और राज्य सरकार की विभिन्न पहलों की जानकारी दी जाएगी। रोड शो का उद्देश्य राजस्थान को कृषि निवेश के लिए एक प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करना तथा कृषि क्षेत्र में नवाचार, आधुनिक तकनीकों और आईटी आधारित समाधानों को बढ़ावा देना है। इन आयोजनों के दौरान संभावित निवेशकों, एग्रीटेक डेवलपर्स, उद्योग प्रतिनिधियों और नीति निर्माताओं के साथ संवाद स्थापित करते हुए राज्य में कृषि आधारित उद्योगों, प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन से जुड़े अवसरों पर चर्चा की जाएगी।