गुरुग्राम, 19 फरवरी । नाबालिग से रेप करने के मामले में फरार चल रहे पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी को सोहना पुलिस ने रेवाड़ी से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था। उसे गुरुवार को सोहना कोर्ट में पेश किया गया, जहां से पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया गया है।
जांच अधिकारी एसआई सरला ने बताया कि यह मामला 15 अक्टूबर 2025 का है। रायपुर कोटड़ा के इकबाल पर एक नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने और उसके साथ रेप करने का आरोप है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने आरोपी को पहले मध्य प्रदेश से गिरफ्तार किया था। सोहना लाते समय रास्ते में उसने वाहन चालक पर हमला कर दिया और पास बैठे पुलिस अधिकारी से हाथापाई कर फरार हो गया था। इस घटना के संबंध में मध्य प्रदेश में भी एक अलग मामला दर्ज किया गया था। आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस ने उस पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था और उसकी तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की थी। थाना प्रभारी रविंद्र सिंह ने बताया कि लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने आरोपी को रेवाड़ी से दोबारा गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।