गुरुग्राम, 09 मार्च । गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने एनएच-48 से वाटिका चौक तक सदर्न पेरिफेरल रोड (एसपीआर) 755 करोड़ रुपये के खर्च से सिग्नल फ्री होगा। इसके विकास, रखरखाव, प्रबंधन और संचालन के लिए एक एलिवेटेड कॉरिडोर के माध्यम से टेंडर जारी किया है। इस परियोजना के पूरा होन ेसे शहर के इस महत्वपूर्ण कॉरिडोर पर कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय सुधार होगा।
परियोजना के तहत वाटिका चौक से एनएच-48 के बीच साउदर्न पेरिफेरल रोड (एसपीआर) को सिग्नल फ्री कॉरिडोर के रूप में उन्नत किया जाएगा, जिससे गुरुग्राम में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को प्रबंधित करने और आवागमन को बेहतर बनाने के लिए एक दीर्घकालिक समाधान उपलब्ध होगा। प्रस्तावित एलिवेटेड कॉरिडोर जमीनी स्तर पर ट्रैफिक भीड़ को कम करने में सहायक होगा, क्योंकि यह वाहनों के लिए एक अतिरिक्त यातायात स्तर उपलब्ध कराएगा, जिससे जाम की स्थिति में कमी आएगी। विशेष रूप से पीक आवर्स के दौरान यात्रा समय में सुधार होगा। जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पी.सी. मीणा ने कहा कि गुरुग्राम में तेजी से शहरी विस्तार हो रहा है। शहर की बढ़ती आवाजाही आवश्यकताओं को पूरा करने तथा आर्थिक विकास को बनाए रखने के लिए उच्च क्षमता वाली सडक़ अवसंरचना का विकास एक प्रमुख प्राथमिकता बना हुआ है। प्रस्तावित अवसंरचना उन्नयन से एसपीआर कॉरिडोर के आसपास स्थित कई सेक्टरों के निवासियों और यात्रियों को लाभ मिलेगा, जिनमें तेजी से विकसित हो रहे आवासीय और वाणिज्यिक क्षेत्र भी शामिल हैं। यह परियोजना गुरुग्राम की सडक़ अवसंरचना को मजबूत करने और एक अधिक कुशल तथा भविष्य के लिए तैयार शहरी गतिशीलता नेटवर्क विकसित करने के लिए प्राधिकरण के निरंतर प्रयासों का हिस्सा है।
इस परियोजना के तहत वाटिका चौक से एनएच-48 के बीच 4.2 किलोमीटर लंबा सिग्नल-फ्री 4+4 लेन का एलिवेटेड कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। डिजाइन में 3+3 लेन की मुख्य सर्विस रोड और 2+2 लेन की सेकेंडरी सर्विस लेन भी शामिल हैं। इसके साथ ही प्रमुख जंक्शनों पर ट्रैफिक के सुचारू प्रवेश और निकास को सुनिश्चित करने के लिए दो-लेन के अप और डाउन रैंप बनाए जाएंगे। इसके अलावा एनएच-48 पर एक इंटरचेंज का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क के साथ निर्बाध कनेक्टिविटी सुनिश्चित हो सके। इसके अलावा परियोजना के द्वितीय चरण (फेज-2) के तहत वाटिका चौक पर एक इंटरचेंज प्रस्तावित किया गया है, जो सदर्न पेरिफेरल रोड (एसपीआर) और गुरुग्राम-सोहना एलिवेटेड कॉरिडोर के बीच कनेक्टिविटी को और अधिक सुदृढ़ करेगा।