जयपुर, 12 अप्रैल । चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने कहा कि राज्य सरकार गांव—ढाणी तक गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसी दिशा में लगातार हर क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। शहरों से लेकर कस्बों तक में चिकित्सा संस्थानों को क्रमोन्नत किया जा रहा है और नए भवन बनाए जा रहे हैं, ताकि लोगों को इलाज के लिए बड़े शहरों में जाने की मजबूरी नहीं रहे।
चिकित्सा मंत्री रविवार को नागौर जिले के खींवसर में जिला अस्पताल के नए भवन के भूमि पूजन एवं शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जिला अस्पताल के भवन का भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस जिला चिकित्सालय के निर्माण से खींवसर सहित आसपास के गांवों के हजारों लोगों को अत्याधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं आसानी से मिल सकेंगी।
खींवसर ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि हर नागरिक को उसके अपने क्षेत्र में ही उत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। खींवसर में जिला चिकित्सालय का निर्माण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। इससे आमजन को समय पर उपचार मिलेगा और उन्हें दूरस्थ स्थानों पर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। सरकार जनकल्याण और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। खींवसर विधायक रेवंतराम डांगा ने जिला अस्पताल स्तर की स्वास्थ्य सुविधा विकसित होने पर प्रसन्नता व्यक्त की और इसके लिए मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा एवं चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में नागौर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जुगलकिशोर सैनी, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी जिला अस्पताल खींवसर डॉ. रामजीत टाक, मुख्य ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्रीफल मीणा सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।