मुरादाबाद, 01 अप्रैल । स्वदेशी जागरण मंच के द्वारा अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध से उत्पन्न चुनौतियाँ और भारत के लिए आगे का रास्ता विषय पर चर्चा करने हेतु बुधवार को बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में मंच के अखिल भारतीय सहसंयोजक डॉ राजीव कुमार ने कहा कि अमेरिका-इज़राइल और ईरान युद्ध के बीच शरारती तत्व पेट्रोलियम पदार्थो की जमाखोरी कर रहे हैँ।
डॉ राजीव कुमार ने आगे कहा कि मध्य-पूर्व क्षेत्र में एक अभूतपूर्व स्थिति के कारण जो एक तरफ अमेरिका और इज़राइल और दूसरी तरफ ईरान के बीच संघर्ष से उत्पन्न हुई है। युद्ध की लपटों ने पूरे क्षेत्र के देशों को अपनी चपेट में ले लिया है। इसका न केवल गैस और तेल, उर्वरक और अन्य आवश्यक सामग्रियों की कीमतों और आपूर्ति पर असर पड़ा है, बल्कि इससे शरारती तत्वों को भी स्थिति का फायदा उठाने का मौका मिल गया है। वह भविष्य में कमी की आशंका के मद्देनजर इन सामग्रियों की जमाखोरी कर रहे हैं। हालांकि सरकार ने लोगों को यह भरोसा दिलाया है कि वह तेल और गैस की कीमतें बढ़ने नहीं देगी।
संचालन करते हुए स्वदेशी जागरण मंच के विभाग संयोजक प्रशांत शर्मा ने बताया कि स्वदेशी जागरण मंच देशभक्त नागरिकों से भी अपील करता है कि केवल सत्यापित और आधिकारिक सूचना स्रोतों पर ही भरोसा करें। असत्यापित संदेशों और अफवाहों को आगे भेजने से बचें, राष्ट्रीय एकता को बनाए रखें और देश के व्यापक हित में जिम्मेदारी से कार्य करें। आने वाले दिनों में, जितना हो सके पेट्रोल, गैस और डीज़ल बचाएं और ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोतों का उपयोग करें। नागरिकों का यह सामूहिक प्रयास देश को इस कठिन परिस्थिति से उबरने में मदद कर सकता है।
बैठक में मुख्य रूप से क्षेत्र सहसंयोजक कपिल नारंग, जिला संयोजक नीरज सोलंकी, जिला महिला प्रमुख पूनम चौहान, महानगर महिला प्रमुख नीलम जैन, रेनू गुप्ता, नीलम भुईयार, मीनू विज आदि रहे।