चंडीगढ़, 20 फ़रवरी । हरियाणा के राज्यपाल प्रो.असीम कुमार घोष ने कहा है कि 11 हजार 607 करोड़ रुपये की लागत वाला हरियाणा आर्बिटल रेल कॉरिडोर प्रदेश के लिए गेम चेंजर साबित होगा। विधानसभा में बजट सत्र के पहले दिन अभिभाषण के माध्यम से राज्यपाल ने शुक्रवार को बताया कि इस कॉरिडोर का पहला सेक्शन पातली-मानेसर, माल गाडिय़ों के लिए खोला जा चुका है। इस पूरे प्रोजेक्ट को जून 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। सडक़ों पर लेवल क्रासिंग को खत्म किया जा रहा है। मारूति सुजुकी की योजनाओं का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि मारूति सुजुकी ने फरवरी 2025 में आईएमटी खरखौदा में 9 हजार 413 करोड़ के निवेश के साथ कमर्शियल उत्पादन शुरू किया है। अप्रैल 2026 में 6000 करोड़ के निवेश वाली नई इकाई में उत्पादन शुरू हो जाएगा। राज्यपाल ने बताया कि कॉमन फैसिलिटी केंद्र बनाने के लिए 49 आवेदन स्वीकृत हो चुके हैं। इनमें से 32 कॉमन फैसिलिटी केंद्र चालू हो चुके हैं और 17 केंद्र चालू करने पर काम चल रहा है। शहरी विकास से संबंधित समाधान से विकास योजना को 31 मार्च 2026 तक बढ़ा दिया गया है। अब तक तीन हजार 718 करोड़ 14 लाख का बकाया वसूल किया जा चुका है।
राज्यपाल ने बताया कि गुरुग्राम मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के लिए 300 करोड़ के बजट का प्रावधान किया गया है। इसके हले चरण के 11 किलोमीटर लंबे भाग का निर्माण शुरू हो चुका है। दिल्ली मेट्रो रेड लाइन को नरेला से कुंडली तक बढ़ाने की स्वीकृति प्रदान की है। राज्यपाल ने बताया कि दीन दयाल आवास योजना के तहत 1100 एकड़ भूमि के लिए 127 लाइसेंस जारी किए गए हैं। इसके माध्यम से 16 हजार 797 सस्ते प्लाट मिलेंगे। इसके अलावा अफोर्डेबल ग्रुप हाउसिंग स्कीम के तहत 11 हजार 525 आवासीय इकाइयों को भी मंजूरी दी गई है।