वरिष्ठ नेताओं ने शामिल होकर जताया पार्टी के प्रति विश्वास
हिसार, 21 नवंबर । इनेलो के प्रदेश सचिव दलबीर किरमारा ने दावा किया
है कि प्रदेश में इंडियन नेशनल लोकदल का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। पार्टी में आए दिन
वरिष्ठ नेता शामिल होकर अपना विश्वास जता रहे हैं जो यह संकेत है कि आने वाला समय इनेलो
का होगा।
दलबीर किरमारा ने शुक्रवार काे जारी बयान में कहा कि कांग्रेस व भाजपा की नीतियों व मिलीभगत से जनता तंग
भी आ चुकी है और इन्हें समझ भी चुकी है। जनता का हर वर्ग भाजपा सरकार की नीतियों से
परेशान है। सरकार का इन वर्गों की दुख तकलीफों की ओर कोई ध्यान नहीं है वहीं विपक्षी
दल कांग्रेस भी जनसमस्याओं के मसले पर मौन है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस समय वोट
चोरी का रोना रोकर असलियत पर पर्दा डालने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को लंबी लंबी लाइनों
में लगकर खाद लेनी पड़ रही है, उन्हें समय पर पानी, बिजली व कीटनाशक नहीं मिल रहे,
जलभराव से बर्बाद हुई फसलों का अभी तक मुआवजा नहीं मिला लेकिन कांग्रेसी केवल वोट चोरी
का रोना रो रहे हैं।
दलबीर किरमारा ने कहा कि पिछले दिनों वरिष्ठ नेता प्रो. संपत सिंह इनेलो में
शामिल हुए और अब हाल ही में भिवानी के वरिष्ठ नेता पूर्व मंत्री वासुदेव शर्मा शामिल
हुए हैं। इसके अलावा अन्य अनेक नेता हैं जो आए दिन इनेलो में शामिल होकर पार्टी के
प्रति अपना विश्वास दर्शा रहे हैं। जनता को भी अब भरोसा हो गया है कि केवल इनेलो ही
ऐसी पार्टी है जो जनता के हित के लिए संघर्ष करने में सक्षम है। ऐसे में जनता का विश्वास
पार्टी के प्रति बढ़ रहा है और वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने से पार्टी का ग्राफ आए
दिन बढ़ रहा है। ऐसे में यह साबित हो गया है कि आने वाला समय केवल इनेलो का है और कांग्रेस
व भाजपा जैसे दलों को मुंह की खानी पड़ेगी।