यमुनानगर, 29 जनवरी । इंडियन नेशनल लोकदल के युवा नेता एवं विधायक अर्जुन चौटाला ने प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए कहा कि हरियाणा का युवा आज खुद को ठगा और उपेक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार बड़े-बड़े दावे तो कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर युवाओं की समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।
गुरुवार को कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद पत्रकाराें से बातचीत में अर्जुन चौटाला ने कहा कि इनेलो पार्टी द्वारा प्रदेशभर में युवाओं से संवाद का अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान अलग-अलग जिलों में युवाओं से बातचीत में एक जैसी शिकायतें सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि रोजगार के अवसर लगातार घट रहे हैं, शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं और भविष्य को लेकर युवाओं में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में बीते वर्षों के दौरान कई गंभीर मामले सामने आए, लेकिन आज तक किसी भी जिम्मेदार व्यक्ति को सख्त सजा नहीं मिल पाई। इससे यह संदेश गया है कि सरकार जवाबदेही से बच रही है।
अर्जुन चौटाला ने कहा कि जब युवाओं ने अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाई, धरने-प्रदर्शन किए और मीडिया ने मुद्दों को प्रमुखता से उठाया, तब भी सरकार की ओर से कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आया। पिछले चुनावों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं ने बदलाव की उम्मीद में मतदान किया था, लेकिन वह बदलाव दिखाई नहीं दिया। इसी कारण आज युवा वर्ग निराश है और वैकल्पिक राजनीति की ओर देख रहा है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में राजनीतिक परिवर्तन को लेकर माहौल बन रहा है और इनेलो की विचारधारा को समर्थन मिल रहा है।