कांगड़ा की बिटिया को मिले न्याय : जयराम ठाकुर

Spread the love

शिमला, 02 जनवरी । पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांगड़ा की बिटिया पल्लवी की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे बेहद पीड़ादायक घटना बताया है। शिमला से जारी बयान में उन्होंने कहा कि इस मामले में पुलिस और प्रशासन की ओर से बार-बार लापरवाही के आरोप सामने आ रहे हैं, जो व्यवस्था परिवर्तन का दावा करने वाली सुक्खू सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं।

उन्होंने मुख्यमंत्री से इस मामले का संज्ञान लेने की मांग करते हुए कहा कि यह एक बेटी के न्याय से जुड़ा विषय है, इसलिए इसकी उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि सभी तथ्य सामने आ सकें और पल्लवी को न्याय मिल सके। उन्होंने दिवंगत पल्लवी के परिजनों के प्रति संवेदनाएं भी व्यक्त कीं।

जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को अत्यंत चिंताजनक बताते हुए कहा कि हालात स्वयं ही क्रिटिकल हो चुके हैं। उन्होंने उच्च न्यायालय की टिप्पणियों का हवाला देते हुए कहा कि आउटसोर्स कर्मियों के भरोसे स्वास्थ्य व्यवस्था छोड़ना प्रदेशवासियों के स्वास्थ्य अधिकारों के साथ खिलवाड़ है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के झूठे दावे कर रही है, जबकि जमीनी हकीकत इसके विपरीत है। उन्होंने रामपुर के कुहल पंचायत में एक महिला की मृत्यु का उदाहरण देते हुए कहा कि पीएचसी देवठी और तकलेच में डॉक्टर न होने के कारण समय पर उपचार नहीं मिल सका, जो सरकार की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।

इस बीच जयराम ठाकुर ने भारत के जापान को पछाड़कर दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने पर खुशी जताई। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की दूरदर्शी और सुधारोन्मुखी नीतियों का परिणाम है।