जयपुर, 08 फ़रवरी । रोज सोसाइटी ऑफ राजस्थान की ओर से आयोजित 51वां रोज शो ने आमजन के साथ पर्यटकों का दिल जीत लिया। शो के अलावा पार्क में राजस्थानी लोक नृत्य सहित कई अन्य कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहे। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य सचिव वी . श्रीनिवास ने बैलून छोड़कर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने रोज शो का दौरा कर गुलाब की किस्म के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जयपुराइट्स के लिए रोज शो एक अनूठा अवसर है जहां रंग और सुगंध की दावत का आनंद लेते हुए फूल की देखभाल और विकास से संबंधित वे अपने अनुभव साझा कर सकते हैं। मण्डल अध्यक्ष देबाशीष पृष्टि ने मुख्य सचिव को सेंट्रल पार्क का अवलोकन करवाते हुए मण्डल द्वारा किए जा रहे विकास एवं सौंदर्यकरण के कार्यों के बारे में जानकारी दी । मुख्य सचिव ने सेंट्रल पार्क की लैंडस्केपिंग तथा बागबानी की प्रशंसा की । विभिन्न प्रजाति के गुलाबों के सौंदर्य और खुशबू से महका सिटी पार्क रोज सोसाइटी ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष पवन अरोड़ा ने गुलाब की विभिन्न किस्मों के बारे में बताते हुए गुलाब के इतिहास के ऊपर प्रकाश डाला और साथ ही रोज शो को अब पूरे राजस्थान में आयोजित करने की घोषणा भी की । इसके पश्चात विभिन्न रोज प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों में से विजेताओं को सम्मानित किया गया जिसमे किंग ऑफ रोज अर्जुन लाल को सचिव जेडीए को क्वीन ऑफ रोज और प्रिंसेस ऑफ रोज पीडब्ल्यूडी कोटा को मिला । शो में रंगों से भरे अलग-अलग प्रजाति के गुलाब रखे थे। जो लोग प्रदर्शनी देखने आ रहे थे, वे गुलाब को कैमरे में कैद करना नहीं भूल रहे थे। कोई गुलाब के साथ सेल्फी ले रहा था तो कोई रील बना रहा था। विभिन्न वस्तुओं के साथ गुलाब को खूबसूरत अंदाज में सजाया गया था। शहरवासियों को सिटी पार्क में गुलाब प्रदर्शनी में एक से बढ़कर एक चटख रंगों के गुलाब देखकर सभी का मन खिल गया। अच्छे गुलाबों की किस्मों को सम्मानित भी किया गया। इसके अलावा पेंटिंग कंपटीशन सहित कई अन्य रचनात्मक व सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए जिनके विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। रोज शो में नगरीय विकास एवं आवासन विभाग के प्रमुख सचिव देबाशीष पृष्टि, जेडीसी सिद्धार्थ महाजन, श्रुति भारद्वाज प्रबंध निदेशक आरएफडीसी, श्रवण कुमार सचिव , विज्ञान एवं तकनीकी विभाग, रमाकांत गुप्ता, संयुक्त निदेशक स्टेट इंटेलिजेंस ब्यूरो, आवासन मंडल के सचिव गोपाल सिंह,मुख्य अभियंता प्रथम अमित अग्रवाल ,सोसाइटी के जनरल सेक्रेटरी अनिल कुमार भार्गव सहित जूरी के सदस्य मौजूद रहे।