आयुष्मान कार्ड बनाने में जौनपुर अव्वल, 70 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में प्रदेश में दूसरा स्थान

Spread the love

जौनपुर,01अप्रैल । यूपी के जौनपुर के जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र ने बुधवार को बताया कि जिले में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड बनाए जाने का कार्य तेजी से प्रगति पर है। 70 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लाभार्थियों के अब तक कुल 76,417 आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं, जिससे जौनपुर को राज्य स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है।

उन्होंने बताया कि जनपद में अब तक 13,68,270 आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। वहीं विशेष अभियान के तहत 91,954 कार्ड बनाकर जिले ने प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया है। जिलाधिकारी ने बताया कि आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए विशेष ड्राइव चलाया जा रहा है, जिसकी नियमित समीक्षा मुख्य विकास अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा की जा रही है।

ब्लॉक स्तर पर धर्मापुर, जलालपुर और मुफ्तीगंज में सर्वाधिक आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं, जो अभियान की सफलता को दर्शाता है। अधिकारियों के सतत प्रयासों से योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच रहा है। इसके साथ ही जनपद में अब तक 1,45,899 लाभार्थियों का इलाज आयुष्मान भारत योजना के तहत कराया जा चुका है, जिस पर कुल 260.48 करोड़ रुपये व्यय हुए हैं। जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की है कि जो भी पात्र व्यक्ति अभी तक आयुष्मान कार्ड से वंचित हैं, वे जल्द से जल्द अपना कार्ड बनवाकर इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य योजना का लाभ उठायें।