खूंटी, 11 फ़रवरी । सदर अस्पताल स्थित ब्लड बैंक के तत्वावधान में बुधवार को औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्र (आईटीआई) कर्रा में स्वास्थ्य जांच सह रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ आनंद किशोर उरांव और आईटीआई प्राचार्य सुखराम एक्का ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर डॉ आनंद किशोर उरांव ने कहा कि रक्तदान करने से शरीर में किसी प्रकार की कमजोरी नहीं आती है। एक स्वस्थ व्यक्ति को अपने सामाजिक दायित्व का निर्वहन करते हुए समय-समय पर रक्तदान जरूर करना चाहिए। शिविर के दौरान काउंसलर निशांत झा ने प्रशिक्षण ले रहे सभी प्रशिक्षुओं को स्वास्थ्य जांच कराने और रक्तदान के लिए प्रेरित किया।
इसके बाद विभिन्न ट्रेड में प्रशिक्षण ले रहे प्रशिक्षु विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य जांच कराकर स्वेच्छा से रक्तदान किया। शिविर में कुल 20 लोगों ने रक्तदान किया। रक्तदान करने वालों में अमन रजवार, बिरसा होरो, दिगम्बर ओड़ेया, शुभम कुमार, मसीह उरांव, बृजेश कुमार बिन, गणेश परिदा, प्रेमचंद उरांव सहित अन्य शामिल थे।
शिविर को सफल बनाने में कॉर्डिनेटर रवि रंजन, प्राचार्य सुखराम एक्का, ब्लड बैंक के सुजीत नाग, पूनम बोदरा, सुशांत कुमार, सुनीता देवी सहित अन्य लोगों ने योगदान दिया।