पश्चिम सिंहभूम: सड़क दुर्घटना में मारे गए चारों युवकों की हुई पहचान, पुलिस की जांच जारी

Spread the love

पश्चिमी सिंहभूम, 27 जनवरी । पश्चिमी सिंहभूम जिले के कराईकेला थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के हुए सड़क हादसे में मारे गए चारों युवकों की पहचान हो गई है। बाइक सवार चारों युवकों की बाइक के ट्रक से टकराने की वजह से मौके पर ही मौत हो गई थी।

कराईकेला थाना प्रभारी ने मंगलवार को बताया कि मृतकों की पहचान चाईबासा सदर के आकाश कुदादा (19), जमशेदपुर के सुंदरनगर निवासी अर्जुन टुड्डू (22), सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई निवासी आकाश गोपे (19) और रवि बिरुली (20) के रूप में हुई है।

कराईकेला पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रक को बांदगांव के पास से जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि ट्रक चालक की कोई प्रत्यक्ष गलती नहीं थी। तेज रफ्तार बाइक साइड से ओवरटेक करने के दौरान सीधे ट्रक से टकरा गई और यह हादसा हो गया।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं बाइक सवार युवक नशे की हालत में तो नहीं थे। इस संबंध में स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट हो सकेगी।

उल्लेखनीय है कि यह हादसा सोमवार को उस वक्त हुआ, जब एक ही बाइक पर सवार चार युवक ट्रक से आगे निकलने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान बाइक ट्रक से टकरा गई और चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही कराईकेला थाना प्रभारी प्यारे हसन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।