युवक ने फंदे से लटक कर की खुदकुशी

Spread the love

पूर्वी सिंहभूम, 12 मार्च । परसुडीह थाना क्षेत्र के हलुदबनी इलाके में बुधवार की देर रात एक युवक ने अपने किराये के कमरे में फंंदे से लटक कर खुदकुशी कर ली। घटना के बाद पड़ोसियों की मदद से युवक के शव को फंदे से उतारा गया और इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और गुरुवार को परिजनों को सौंप दिया।

मृतक की पहचान बिरेंद्र धाकर (35) के रूप में हुई है। वह हलुदबनी में किराये के मकान में अपनी पत्नी के साथ रहता था और पेशे से ट्रैक्टर चालक था। उसकी पत्नी सुशीला पात्रो ने बताया कि घटना से पहले दोनों के बीच शराब पीने को लेकर विवाद हुआ था। झगड़े के बाद वह काम पर चली गई थी। सुशीला शादी समारोहों में हेल्पर के रूप में काम करती है।

सुशीला ने बताया कि देर रात जब वह काम से लौटी तो पति के साथ हुए विवाद के कारण वह अपने घर नहीं गई और अपनी मां के घर जाकर सो गई। गुरुवार की सुबह जब वह अपने घर पहुंची और दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उसने पड़ोसियों को बुलाया और उनकी मदद से दरवाजा तोड़ा गया। दरवाजा खुलते ही कमरे के अंदर बिरेंद्र धाकर का शव फंदे से झूलता हुआ मिला।

परिजनों के अनुसार बिरेंद्र को शराब पीने की लत थी और इसी बात को लेकर अक्सर घर में विवाद होता था। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद के बाद उसने यह कदम उठाया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।