रांची, 03 अप्रैल । साहिबगंज में आयोजित 26वीं जूनियर झारखंड स्टेट बास्केटबॉल चैंपियनशिप में जवाहर विद्या मंदिर, श्यामली (जेवीएम) की छात्रा अश्मि सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नया इतिहास रच दिया है। 29 मार्च से 1 अप्रैल 2026 तक आयोजित इस प्रतियोगिता में अश्मि के कुशल नेतृत्व में जैप-1 की टीम ने बालिका वर्ग में खिताब जीतकर चैंपियनशिप ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
विद्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अश्मि सिंह को पूरे टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (बेस्ट प्लेयर) घोषित किया गया। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन झारखंड अंडर-18 जूनियर बास्केटबॉल टीम में राज्य का प्रतिनिधित्व करने के लिए किया गया है। इससे पहले भी वह विद्यालय की टीम को कई प्रतियोगिताओं में जीत दिला चुकी हैं।
विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य बीएन झा ने खुशी जताते हुए कहा कि अश्मि की यह उपलब्धि उनकी एकाग्रता और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वह आने वाले समय में राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का परचम लहराएंगी।