खूंटी, 16 फ़रवरी । नेता प्रतिपक्ष और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि कमीशनखोरी बंद होने के डर से राज्य की हेमंत सरकार नगर निकाय चुनाव कराने से कतरा रही थी। भाजपा के आंदोलन और उच्च न्यायालय के आदेश पर सरकार चुनाव करने पर विवश हुई है।
मरांडी सोमवार को नगर पंचायत अध्यक्ष की भाजपा समर्थित प्रत्याशी रानी टूटी के समर्थन में आयोजित पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। इसके पूर्व कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर जिलाध्यक्ष आनन्द कुमार, चुनाव संयोजक काशीनाथ महतो आदि ने अंगवस्त्र देकर उनका स्वागत किया।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मरांडी ने कहा कि खूंटी में भाजपा समर्थित प्रत्याशी की जीत से सिर्फ खूंटी के लोगों को ही खुशी नहीं होगी, बल्कि पूरे देश में भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रसन्नता होगी। उन्होंने कहा कि जब तक विजय प्राप्त नहीं हो जाती, तब तक कार्यकर्ताओं को पूरी निष्ठा से चुनाव कार्य में जुटे रहना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार चुनाव नहीं कराना चाहती थी और प्रशासक के माध्यम से मनमानी करना चाहती थी, लेकिन अदालत के आदेश पर चुनाव कराने को मजबूर हुई। उन्होंने कहा कि भाजपा दलीय आधार पर चुनाव की पक्षधर रही है क्योंकि शहरी क्षेत्रों में पार्टी मजबूत है, लेकिन सरकार ईवीएम से चुनाव नहीं कर रही है।
मरांडी ने कहा कि खूंटी सहित राज्य के 48 नगर निकायों में ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से चुनाव कराए जा रहे हैं, जिससे धांधली की आशंका बढ़ जाती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे घर-घर जाकर प्रत्याशी और चुनाव चिन्ह की जानकारी दें, मतदान प्रक्रिया और मतगणना पर पूरी सतर्कता रखें तथा सरकार के कथित षड्यंत्र को विफल करें। उन्होंने कहा कि इसे छोटा चुनाव न समझें, क्योंकि राज्य में विकास कार्य ठप हैं और भ्रष्टाचार चरम पर है।
पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा ने कहा कि हम सभी का दायित्व है कि रानी टूटी को भारी मतों से विजयी बनाएं। भाजपा शुरू से ही प्रदेश, राष्ट्र और समाज के विकास के लिए कार्य करती रही है। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्र में पहले पानी की गंभीर समस्या थी, जिसे सकारात्मक प्रयासों से काफी हद तक दूर किया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकाल में खूंटी शहरी क्षेत्र का काफी विकास हुआ है।
रानी टूटी ने कहा कि मैं पहले भी खूंटी नगर पंचायत की अध्यक्ष रह चुकी हूं। मैने क्षेत्र का काफी विकास किया था। उन्होंने कहा कि जनता ने खूंटी नगर पंचायत चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशी को जीत दिलाने का संकल्प ले चुकी है। चुनाव संयोजक काशीनाथ महतो ने कहा कि रानी टूटी बेदाग छवि की प्रत्याशी हैं।
मौके पर ओमप्रकाश कश्यप, मदन मोहन मिश्रा, जितेंद्र कश्यप, भीम सिंह मुंडा, परमानंद कश्यप, प्रियांक भगत, कृष्णानंद तिवारी, लव चौधरी, कैलाश महतो, अर्जुन पाहन, चुनाव प्रभारी उमेश साहू एवं जैलेंद्र कुमार सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।