पूर्वी सिंहभूम, 12 मार्च । साकची गुरुद्वारा के पास पीजी माडवा गर्ल्स स्कूल के नजदीक रहने वाले बिनोद पांडेय की बेटी पूजा कुमारी को पुलिस ने चोरी के गहनों और अन्य सामान के साथ गिरफ्तार किया है। इस मामले में चोरी के आभूषण खरीदने वाले सोनार अजय कुमार को भी पुलिस ने दबोच लिया है। अजय कुमार साकची के काशीडीह स्थित प्रताप रेसिडेंसी का रहने वाला बताया गया है। पुलिस ने गुरुवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में पूरे मामले का खुलासा किया।
सिटी एसपी कुमार शिवा आशीष ने गुरुवार को बताया कि 11 मार्च को गोविंदपुर निवासी सुनील लोहार ने गोविंदपुर थाना में लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनकी भतीजे की शादी पूजा कुमारी के साथ तय हुई थी और शादी की तैयारियों के सिलसिले में पूजा का उनके घर आना-जाना था। इसी दौरान उसने मौका पाकर घर में रखे सोने और चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। चोरी का पता चलने के बाद परिवार के लोगों ने काफी खोजबीन की, लेकिन सामान नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई।
शिकायत मिलने के बाद गोविंदपुर थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गोपनीय सूचना के आधार पर संदिग्ध पूजा कुमारी की तलाश शुरू की। इसी क्रम में पुलिस ने छापेमारी कर उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में पूजा ने चोरी की बात स्वीकार कर ली और उसकी निशानदेही पर साकची स्थित एक आभूषण कारोबारी के यहां से चोरी किए गए सोने-चांदी के गहने बरामद कर लिए गए।
पुलिस ने बताया कि बरामद किए गए आभूषणों की कुल कीमत लगभग 02 लाख 60 हजार रुपये आंकी गई है। जांच में यह भी सामने आया कि पूजा कुमारी पूर्व में भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रही है और उसका आपराधिक इतिहास रहा है। वहीं, चोरी के गहने खरीदने के आरोप में सोनार अजय कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस दोनों आरोपितों से पूछताछ कर मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
इस पूरे अभियान का नेतृत्व गोविंदपुर थाना प्रभारी पवन कुमार ने किया। उनके साथ थाना की पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए आरोपितों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद किया। पुलिस ने दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले में आगे की जांच जारी है।