रांची सिटीजन फोरम की बैठक में वार्ड-3 की समस्याओं पर मंथन

Spread the love

रांची, 06 जनवरी । रांची सिटीजन फोरम की ओर से मंगलवार को सरना कॉलोनी, चिरौंदी मोराबादी स्थित वार्ड संख्या-3 में एक बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता दीपेश निराला ने की। इस दौरान वार्ड क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए दीपेश निराला ने कहा कि रांची सिटीजन फोरम आगामी नगर निगम चुनाव में शहर के सभी 53 वार्डों से प्रत्याशियों को पूर्ण समर्थन देगा। उन्होंने कहा कि फोरम जनता की आवाज बनकर वार्डों की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करेगा और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएगा।

स्थानीय लोगों ने बैठक में दौरान बताया कि वार्ड-3 में कूड़ा-कचरा का नियमित उठाव नहीं हो रहा है, जिससे गंदगी फैल रही है। इसके अलावा पेयजल संकट, सुरक्षा व्यवस्था का अभाव, बरसात के दिनों में भीषण जलजमाव और अनियंत्रित ट्रैफिक व्यवस्था गंभीर समस्याएं बनी हुई हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में हिट एंड रन की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे कई लोग दुर्घटनाओं का शिकार हो चुके हैं।

बैठक में यह भी चिंता जताई गई कि मोराबादी मैदान का क्षेत्रफल लगातार सिकुड़ता जा रहा है। अतिक्रमण और अनियंत्रित निर्माण कार्यों के कारण मैदान संकुचित हो रहा है, जो शहर के पर्यावरण और खेल गतिविधियों के लिए गंभीर खतरा है।