सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में 05 कमरों के निर्माण कार्य का शिलान्यास

Spread the love

पूर्वी सिंहभूम, 01 अप्रैल । पश्चिम के विधायक सरयू राय ने बुधवार को गरमनाला, साकची स्थित सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस (गर्ल्स) में 05 कमरों के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। यह निर्माण कार्य झारखंंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची के मद से 86 लाख 97 हजार रुपये की लागत से शुरु हो रही है।

इस अवसर पर सरयू राय ने बताया कि वर्ष 2014 में इस विद्यालय में 50 बच्चियां थीं। इस विद्यालय को शिक्षा विभाग बंद करना चाह रहा था। उस दौर में, वहां की प्रधानाध्यापिका उनके पास आईं और सहयोग मांगा। उन्‍होंने इसमें सहयोग कर स्कूल में कई निर्माण कार्य कराया। मौके पर राय ने बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए घोषणा किया कि जो बच्चियां 80 प्रतिशत से ज्यादा अंक लाएंगी उन्‍हें साइकिल दी जाएगी। स्‍कूल की 35 बच्चियों को साइकिल दी गई।

राय ने बताया कि अब इस विद्यालय की कीर्ति देश भर में फैल गई है। हाल ही में कर्नाटक में संपन्न एक बड़े कार्यक्रम में यह विद्यालय प्रथम स्थान पर रहा। पढ़ाई तो इस विद्यालय की अच्छी है ही, स्वच्छता के मामले में भी यह विद्यालय देश भर में प्रथम आया है। इस विद्यालय में संप्रति लगभग 900 बच्चियां पढाई कर रही हैं। शिक्षा विभाग की ओर से इस विद्यालय में 05 कमरों का निर्माण किया जा रहा है।