खूंटी, 03 फ़रवरी । जिला अंतर्गत ग्राम चट्टी कनाडीह में मंगलवार को श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के पावन अनुष्ठान के समापन के उपलक्ष्य में भव्य रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के अतिथियों और ग्रामीणों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही, जिससे पूरे गांव का वातावरण भक्तिमय बना रहा।
इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष काशीनाथ महतो और स्वर्गीय पड़हा राजा सोमा मुंडा की धर्मपत्नी अमृता तिर्की (मुंडा) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थींं। अतिथियों का पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार फूल-माला और श्रीराम पट्टा पहनाकर भव्य स्वागत किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत पंडित मदन गोस्वामी की ओर से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों ने नारियल फोड़कर और फीता काटकर सांस्कृतिक मंच का उद्घाटन किया। मुख्य अतिथियों ने राम मंदिर के गर्भगृह में माथा टेककर क्षेत्र और समाज में सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत प्रसिद्ध कलाकार पवन रॉय की ओर से प्रस्तुत भक्ति-रस से ओतप्रोत भक्ति गीतों से हुई, जिसने उपस्थित जनसमूह को भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय कलाकारों ने भी आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।
इस अवसर पर कल्पना मुंडा, किरण मुंडा, मरकुस मुंडा, प्रखंड अध्यक्ष मदन गोप, कृष्णा यादव, बालमुकुंद सिंह, मोसीराम मुंडा उपस्थित थे।
कार्यक्रम के आयोजन में कार्यक्रम समिति के सदस्य दुर्गा महतो, मदन गोस्वामी, कलिंदर महतो, महावीर महतो, करमा मुंडा, अनिल महतो, सुरेश महतो, धीरज महतो, विजोल महतो, विकास महतो सहित सभी ग्रामवासियों की सराहनीय भूमिका रही।