पलामू, 29 मार्च । पलामू जिले के रामगढ़ प्रखंड के बाजार परिसर में प्रधानमंत्री वन धन विकास केंद्र एवं चारा निर्माण इकाई का शुभारंभ किया गया।
केंद्र का जिले के उपायुक्त समीरा एस, उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन, अनुमंडल पदाधिकारी श्रीमती सुलोचना मीणा, प्रशिक्षु आईएएस हिमांशु लाल, डीपीएम जेएसएलपीएस श्रीमती अनीता केरकेट्टा तथा रामगढ़ मुखिया उमा शंकर प्रसाद की ओर से संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया।
कार्यक्रम में सभी अतिथियों का स्वयं सहायता समूह की दीदियों की ओर से
गुलदस्ता देकर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
मौके पर उपायुक्त ने कहा कि रामगढ़ जैसे आदिम जनजाति बहुल क्षेत्र में आज दो महत्वपूर्ण योजनाओं का शुभारंभ किया गया, जिससे यहां की दीदियों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
वन धन विकास केंद्र के माध्यम से दोना-पत्तल का निर्माण, प्रसंस्करण एवं विपणन किया जाएगा।
वहीं प्रशिक्षु आईएएस हिमांशु लाल की विशेष पहल पर चारा निर्माण इकाई समूह से जुड़ी आदिम जनजाति महिलाओं के साथ संचालित की जा रही है, जिसके माध्यम से पशुपालकों को स्थानीय स्तर पर पशु चारा उपलब्ध होगा तथा महिलाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
उप विकास आयुक्त ने बताया कि इन इकाइयों के माध्यम से स्थानीय उद्यमियों एवं स्वयं सहायता समूह की दीदियों को उद्यमी के रूप में विकसित किया जाएगा।
उन्होंने दीदियों को प्रोत्साहित करते हुए उपलब्ध कराई गई राशि का उपयोग आय सृजन गतिविधियों में करने की बात कही।
अनुमंडल पदाधिकारी ने दीदियों को इन दोनों योजनाओं के लिए बधाई दी और इसे आगे बढ़ाने पर बल दिया।
प्रशिक्षु आईएएस ने कहा कि चारा निर्माण इकाई के संचालन एवं नियमित उत्पादन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा तथा उत्पादित चारा की ब्रांडिंग एवं मार्केटिंग पर भी कार्य किया जाएगा, ताकि उत्पाद को व्यापक बाजार मिल सके और महिलाओं की आय में वृद्धि हो।
रामगढ़ मुखिया ने जेएसएलपीएस की योजनाओं की सराहना की और बताया कि इनके माध्यम से दीदियां सशक्त हो रही हैं। इसके लिए उन्होंने जिला प्रशासन एवं विभाग का आभार व्यक्त किया।
डीपीएम ने धन्यवाद ज्ञापन दिया गया।
कार्यक्रम में जिला प्रबंधक नवल किशोर राजू, शेखर लाल, सौरभ कुमार, बीपीएम सुमित कुमार, आदित्य रंजन, सैनूल अंसारी, उमेश कुमार, कृष्णा कुमार, स्वयं सहायता समूह की दीदियां, कैडर एवं ग्रामीण उपस्थित थे।