खूंटी, 30 दिसंबर । पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) खूंटी विधानसभा क्षेत्र के तत्वावधान में मंगलवार को जिला कार्यालय में अटल स्मृति सम्मेलन का आयोजन किया गया।
सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश उपाध्यक्ष और अटल स्मृति सम्मेलन के संयोजक नीलकंठ सिंह मुंडा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी झारखंड का समग्र विकास चाहते थे। अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का संकल्प लेकर उन्होंने काम किया। उन्हीं के संकल्प को जब झारखंड में भाजपा की सरकार थी तो हमने गांव-गांव में सड़क बनवा कर मुख्य सड़कों को जोड़ कर रोजगार दिया।
उन्होंने कहा कि सड़क बन जाने से लोगों को आने जाने में समय की बचत हुई, सड़क बन गई, तो ग्रामीण स्वावलंबी बन रहे हैं। लेकिन जब से हेमंत सोरेन की सरकार राज्य में आई तो सभी विकास याेजनाएं ठप पड गई हैं।
सड़क योजना के माध्यम से गांव-गांव को जोडा गया : सुनीता
उन्होंने कहा कि जब हमारी सरकार थी, तब अपने क्षेत्र में 81 ग्रामीण सड़कों का स्वीकृति दिलाई, लेकिन हेमंत सोरेन सरकार विकास का काम पूूूरी तरह से ठप पड़ गया है। किसी योजना में काम शुरू हुआ कहीं टेंडर का निष्पादन भी नहीं किया गया।
प्रदेश मंत्री सुनीता सिंह ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने अपने कार्यकाल में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के माध्यम से गांव-गांव को सड़कों से जोड़कर ग्रामीण विकास की मजबूत नींव रखी। उन्होंने कहा कि उसी विकास यात्रा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी निरंतर आगे बढ़ा रहे हैं, इसके परिणामस्वरूप भारत आज राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण में पूरी दुनिया में प्रथम पायदान पर खड़ा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष चन्द्रशेखर गुप्ता ने कहा कि पूर्व पीएम वाजपेयी सर्वमान्य राजनेता, कवि और मृदु स्वभाव के व्यक्ति थे। लोगों का विकास कैसे हो इसका हमेशा चिंतन वाजपेयी करते थे। पूर्व जिला अध्यक्ष कांशी नाथ महतो ने अपने सम्बोधन में कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी की सोच को आगे बढ़ाते हुए पूर्व विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा ने सभी ग्रामीण सड़कों को खूंटी शहर से जोड़ा। मंच संचालन जिला महामंत्री संजय साहू ने भी विचार व्यक्त किया। स्वागत भाषण जिला उपाध्यक्ष बिनोद नाग ने किया।
सम्मेलन में जिला चुनाव सह प्रभारी संतोष साहू, जिला उपाध्यक्ष कैलाश राम, कृपा सिंधु बेहरा, जिला महामंत्री निखिल कन्डुलना, जिला मंत्री मंजू देवी, लक्ष्मी देवी, जिला मीडिया प्रभारी अनुप साहू, महावीर राम, मण्डल अध्यक्ष मदन मोहन गोप, कलिंदर राम, किशोर बड़ाइक,मुचिराय मुंडा, जिला मोर्चा अध्यक्ष सीमा देवी सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।