पूर्वी सिंहभूम, 19 जनवरी । जिले के सोनारी थाना क्षेत्र में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपित को सोमवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवक की पहचान श्याम ठाकुर (28) के रूप में हुई है। वह परदेशी पाड़ा, सिनेमा मैदान के पीछे स्थित कमलेश निषाद के घर में किरायेदार के रूप में रह रहा था।
सोनारी थाना प्रभारी मधुसूदन दे ने बताया कि पुलिस उपाधीक्षक (हेडक्वार्टर–2) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम को सूचना मिली थी कि सोनारी कपाली बस्ती क्षेत्र में ब्राउन शुगर की अवैध खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने इलाके में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस को देख वहां मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे। इसी क्रम में श्याम ठाकुर को मौके पर पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 11 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई, जिसका कुल वजन लगभग 20 ग्राम था। बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर आरोप्त को हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस ने आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और इस नेटवर्क में शामिल अन्य व्यक्तियों पर भी आगे कार्रवाई की जाएगी।————–