पूर्वी सिंहभूम, 19 मार्च । आनंद मार्ग यूनिवर्सल रिलीफ टीम ग्लोबल और पूर्णिमा नेत्रालय के संयुक्त प्रयास से समाज सेवा के तहत 15 मोतियाबिंद मरीजों का सफलतापूर्वक फेको सर्जरी कर निःशुल्क लेंस प्रत्यारोपण किया गया। ऑपरेशन के बाद गुरुवार को सभी मरीजों को दवा और चश्मा देकर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
इस पहल के माध्यम से वर्षों से दृष्टि संबंधी समस्याओं से जूझ रहे मरीजों को नई रोशनी मिली है। आनंद मार्ग संस्था की ओर से आयुष्मान योजना और राष्ट्रीय अंधत्व निवारण एवं नियंत्रण कार्यक्रम (डीबीसीएस) के सहयोग से पिछले कई वर्षों से दृष्टि सेवा महा अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क उपचार की सुविधा दी जा रही है।
इसी क्रम में आगामी 26 मार्च को आनंद मार्ग जागृति, गदरा शिव मंदिर के समीप आंखों की बीमारियों के लिए एक निःशुल्क जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों की ओर से आंखों की जांच कर उचित परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
संस्था ने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि वे इस शिविर का लाभ उठाकर समय रहते अपनी आंखों की जांच कराएं और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनें।