ब्राउन शुगर के साथ युवक गिरफ्तार

Spread the love

पूर्वी सिंहभूम, 11 अप्रैल । शहर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में संलिप्त एक युवक को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, 10 अप्रैल की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि मानगो स्थित दुर्गा मंदिर के पास बाजार समिति इलाके में ब्राउन शुगर का अवैध कारोबार चल रहा है। सूचना मिलते ही वरीय पुलिस पदाधिकारियों के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक बचनदेव कुजूुर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने महावीर बिरुली उर्फ रट्कु को गिरफ्तार कर लिया, जो ओलिडीह थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है।

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से 20 पुड़िया ब्राउन शुगर और 700 रुपये नकद बरामद किया। इस कार्रवाई में पुलिस उपाधीक्षक बचनदेव कुचुर के साथ मानगो थाना के कई पुलिस अधिकारी और जवान शामिल थे।

फिलहाल पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।