नगर निकाय चुनाव को लेकर प्रत्याशियों को मिला नियमों का प्रशिक्षण

Spread the love

पूर्वी सिंहभूम, 09 फ़रवरी । नगर निकाय चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से सोमवार को सिदगोड़ा स्थित टाउन हॉल में प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मानगो नगर निगम और जुगसलाई नगर परिषद के सभी प्रत्याशी शामिल हुए।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों ने उम्मीदवारों को बैलेट पेपर के माध्यम से होने वाली मतदान प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। मतदान की विधि, मतदाता से जुड़े नियम और चुनाव के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि चुनाव की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना सभी प्रत्याशियों की सामूहिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में चुनाव प्रचार के दौरान होने वाले खर्च को लेकर भी विशेष रूप से मार्गदर्शन दिया गया। प्रत्याशियों को बताया गया कि राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित खर्च सीमा का पालन जरूरी है। प्रचार सामग्री, जनसभाओं, विज्ञापनों और अन्य गतिविधियों पर होने वाले खर्च का सही लेखा-जोखा रखना होगा। जीएसटी विभाग के अधिकारियों ने चुनावी खर्च से संबंधित कर नियमों और वैधानिक प्रक्रियाओं की जानकारी भी साझा की।

प्रशिक्षण के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए एआरओ सह रिटर्निंग ऑफिसर कल्याण आनंद ने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप सभी प्रत्याशियों को चुनाव संबंधी नियमों से अवगत कराया गया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य नगर निकाय को चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है। उन्‍होंने कहा कि आचार संहिता के उल्लंघन पर किसी भी स्तर पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में दोनों नगर निकायों के ऑब्जर्वर, सहायक निर्वाचन पदाधिकारी और जीएसटी विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।