खूंटी, 22 मार्च । जिले के तोरपा प्रखंड अंतर्गत कोरला ग्राम में रविवार को रामजन्मोत्सव कार्यक्रम की शुरुआत उत्साह और श्रद्धा के साथ की गई।
इस अवसर पर आसपास के कई गांवों और पंचायतों से बड़ी संख्या में सनातन धर्मावलंबियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में धार्मिक और सामाजिक एकता को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में विश्व हिंदू परिषद के प्रांत प्रचार-प्रसार प्रमुख प्रकाश रंजन उपस्थित थे। उनके साथ खूंटी जिला अध्यक्ष विनोद जायसवाल तथा जिला मंत्री एमपी सिंह भी कार्यक्रम में शामिल हुए। सभी अतिथियों ने अपने संबोधन में हिन्दू समाज को संगठित और मजबूत बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर विनोद जायसवाल ने कहा कि खूंटी जिले में रामजन्मोत्सव के अवसर पर लगभग डेढ़ सौ कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम लगातार 2 अप्रैल तक विभिन्न गांवों में आयोजित किए जाएंगे, जिससे समाज में धार्मिक जागरूकता और एकता का संदेश पहुंचेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता लक्ष्मण सिंह सोटेया और उमेश मांझी ने की। दोनों ने उपस्थित लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि इस तरह के धार्मिक और सामाजिक आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारा और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूती मिलती है।
कार्यक्रम में भाजपा तोरपा प्रखंड के पूर्व अध्यक्ष पुरेंद्र मांझी ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों को अवगत कराया।
मौके पर गुमडु, सोटेया, तिरला, बारकुली, डोडमा और सुंदारी गांवों से आए नवयुवकों ने भी कार्यक्रम में अपने विचार साझा किए।