रांची, 26 जनवरी । गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर सोमवार को झारखंड प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने तिरंगा फहराया और सलामी दी।
कांग्रेस अध्यक्ष ने इस मौके पर कहा कि 26 जनवरी 1950 को हमारे संविधान को लागू किया गया था और लाखों स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के बलिदान के बाद ही हमें गणतंत्र भारत मिला। उन्होंने कहा कि हमें अपनी आजादी और संविधान के महत्व को कभी नहीं भूलना चाहिए। साथ ही उन्होंने सभी नागरिकों से मिलजुल कर भाईचारे और सामंजस्यपूर्ण जीवन जीने का संदेश दिया।
इस अवसर पर अध्यक्ष ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, सरदार वल्लभभाई पटेल, सुभाष चंद्र बोस, पंडित जवाहरलाल नेहरू, भगत सिंह सहित सभी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके त्याग, साहस और समर्पण की प्रशंसा की।