शिक्षा से ही विकसित और प्रगतिशील समाज का निर्माण संभव : नीलकंठ सिंह मुंडा

Spread the love

खूंटी, 14 फरवरी । झारखंड के पूर्व मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा ने कहा कि शिक्षा ही विकसित और प्रगतिशील समाज की मजबूत नींव है। उन्होंने लोगों से अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाने और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाने पर जोर दिया।

नीलकंठ मुंडा शनिवार को कर्रा प्रखंड के मानपुर में आयोजित सरना समाज एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने एक शिक्षित, जागरूक और विकसित समाज के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।

उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। शिक्षा न केवल व्यक्ति के भविष्य को संवारती है, बल्कि पूरे समाज को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दें और उन्हें समाज के प्रति जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित करें।

पूर्व मंत्री ने आदिवासी समाज की सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं के संरक्षण पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की पहचान उसकी प्रकृति पूजा, परंपराओं और पूर्वजों के सम्मान से जुड़ी हुई है। इसलिए समाज को अपनी जड़ों से जुड़े रहते हुए अपनी संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाना चाहिए।